गुंडा परेड में आरोपितों को दी कड़ी चेतावनी, एसपी ने जमानत पर बाहर चल रहे लोगों को बुलाकर दी नसीहत

जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. इसी कड़ी में रविवार को खैरा और गरही थाना परिसर में एसपी विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में गुंडा परेड कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

ईमानदारी से जीवन जीने और अपराध से दूर रहने की अपील खैरा. जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. इसी कड़ी में रविवार को खैरा और गरही थाना परिसर में एसपी विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में गुंडा परेड कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विभिन्न मामलों में जेल जा चुके और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे सैकड़ों लोगों को थाना परिसर बुलाया गया. कार्यक्रम के दौरान एसपी ने एक-एक कर सभी से मुलाकात की और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. साथ ही उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. एसपी ने मौजूद लोगों को मेहनत-मजदूरी और ईमानदारी से जीवन यापन करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक भूमिका निभाना ही सबसे बेहतर विकल्प है. इस दौरान कई लोगों ने बताया कि वे खेती-बारी, छोटे व्यवसाय या अन्य रोजगार में लगे हुए हैं, जबकि कुछ लोग रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में मजदूरी करने जाते हैं. एसपी ने सभी से न्यायालय का सम्मान करने और निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होने की अपील की, ताकि उनके मामलों का जल्द निष्पादन हो सके. इस दौरान कुछ लोगों ने अपनी सफाई भी पेश की. कई ने खुद को झूठे मामलों में फंसाए जाने की बात कही, जबकि कुछ ने कहा कि वे अनजाने में गलत संगत में पड़ गये थे. गरही थाना में भी थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा के नेतृत्व में इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया. यहां भी एसपी के निर्देशानुसार आरोपियों को बुलाकर उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गयी. कार्यक्रम के अंत में एसपी ने दोहराया कि कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो लोग सुधरकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, उनका पुलिस सहयोग करेगी, लेकिन अपराध की राह पर चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >