बरहट . जमुई सांसद अरुण भारती रविवार को जमुई रेलवे स्टेशन पर चल रहे अमृत भारत योजना कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर में मौजूद कई समस्याओं को लेकर सांसद के सामने शिकायत रखी. सांसद ने स्टेशन मास्टर नीतीश कुमार के साथ स्टेशन परिसर का जायजा लिया और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक पहल की जायेगी. निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य की धीमी गति से सांसद को अवगत कराया. लोगों ने बताया कि दो साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अमृत भारत योजना के तहत बनने वाली बिल्डिंग और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई कार्य अब तक पूरे नहीं हो पाये हैं. लोगों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद अरुण भारती ने कहा कि अमृत भारत योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है.उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति देख नाराजगी जताई तथा इसकी विस्तृत रिपोर्ट लेकर रेल मंत्री से शिकायत करने की बात कही. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमुई स्टेशन पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने को कहा .रेल यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर शौचालय, पीने के पानी और शेड जैसी सुविधाओं की कमी है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए रेल मंत्री और डीआरएम से बात कर समाधान कराया जायेगा. मौके उन्होंने सांसद अरुण भारती ने बिहार की राजनीति पर भी अपनी बात रखी.उन्होंने कहा कि बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगा. विपक्ष के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष अब पहले की तरह मुकाबला करने की स्थिति में नहीं है और केवल पांचवीं सीट की ही बात कर रहा है,लेकिन उस सीट पर भी एनडीए की ही जीत होगी.
रेलवे परिसर में अफरा तफरी
स्टेशन पर अचानक सांसद के पहुंचने पर स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया.लोग इधर-उधर जाते दिखे. दरअसल इसका कारण यह था कि रेलवे स्टेशन परिसर तथा प्लेटफार्म पर दर्जनों अवैध वेंडर सामान बेचा करते हैं. इसके साथ ही स्टेशन परिसर में भी दर्जनों अस्थायी दुकान सजा रहता है. किंतु जब अचानक सांसद अरुण भारती स्टेशन पहुंचे तो अफरा तफरी का माहौल बन गया और यही वेंडर तथा दुकानदार जल्दी जल्दी अपनी दुकानें समेट भागने लगे. मौके पर लोजपा जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सह बरहट प्रमुख रुवेन कुमार सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद थे.
