नुक्कड़ नाटक के जरिये शराबबंदी का दिया संदेश

पुलिस सप्ताह के अवसर पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 11वीं बटालियन ने बुधवार को शराबबंदी अभियान को धार देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया.

बरहट. पुलिस सप्ताह के अवसर पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 11वीं बटालियन ने बुधवार को शराबबंदी अभियान को धार देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया. समादेष्टा संजय कुमार के नेतृत्व में जमुई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-2 पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर यात्रियों और स्थानीय लोगों को शराब के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया.नुक्कड़ नाटक में बटालियन के पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने भाग लिया. प्रस्तुति में बैजू नामक व्यक्ति की मार्मिक कहानी दिखाई गई. जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है. लेकिन धीरे-धीरे शराब की लत का शिकार हो जाता है. नशे की हालत में वह आये दिन झगड़ा करता है और शराब के लिए अपनी जमीन तक गिरवी रख देता है. कहानी में आगे दिखाया गया कि बैजू की बड़ी बेटी के विवाह का रिश्ता उसके नशेड़ी व्यवहार के कारण टूट जाता है. जिससे परिवार में तनाव और कलह बढ़ जाती है. समझाने के बावजूद बैजू अपनी आदत नहीं छोड़ता. एक दिन मारपीट की घटना के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करती है. मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ को पुलिस शराब के दुष्परिणामों की जानकारी देती है. नाटक के अंत में बैजू को अपनी गलती का एहसास होता है और वह शराब छोड़ने का संकल्प लेता है. इसके बाद वह पुलिस के साथ मिलकर शराबबंदी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने लगता है. शराब त्यागने के बाद उसके परिवार में फिर से खुशहाली लौट आती है. प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि परिवार और समाज को भी बिखेर देता है. पुलिस ने लोगों से शराबबंदी कानून का पालन करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >