31 मार्च तक कराएं जीवन प्रमाणीकरण, वरना रुक सकती है पेंशन

सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए जरूरी खबर है. समाज कल्याण विभाग, बिहार के निर्देश पर जिले में सभी पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है.

जमुई. सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए जरूरी खबर है. समाज कल्याण विभाग, बिहार के निर्देश पर जिले में सभी पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है. तय समय सीमा तक प्रमाणीकरण नहीं कराने पर पेंशन भुगतान बाधित हो सकता है. जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने स्पष्ट किया है कि सभी लाभार्थी समय रहते अपना जीवन प्रमाणीकरण अवश्य करा लें, ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

डोर-टू-डोर सर्वे का निर्देश

जिला प्रशासन ने पंचायत सचिवों और विकास मित्रों के माध्यम से शत-प्रतिशत लाभार्थियों का डोर-टू-डोर सर्वे कराने का निर्देश दिया है. इसके तहत लंबित मामलों का पोर्टल पर सत्यापन किया जाएगा. साथ ही, मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उन्हें पोर्टल पर मृत घोषित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि डेटा सही और अपडेट रहे.

तकनीकी समस्या वालों के लिए अलग व्यवस्था

जिन लाभार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण तकनीकी कारणों से संभव नहीं हो पा रहा है, उनके लिए भौतिक जीवन प्रमाणीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है.

अभी भी बड़ी संख्या में प्रमाणीकरण बाकी

जिले में कुल 2,07,538 पेंशनधारी पंजीकृत हैं. इनमें से अब तक 1,42,600 लाभार्थियों का ही प्रमाणीकरण हो सका है, जबकि करीब 64,938 लोग अभी भी शेष हैं. इन्हें तय समय सीमा के भीतर कवर करना प्रशासन की प्राथमिकता है. जिला पदाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे व्यक्तिगत रुचि लेते हुए जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण करा लें, ताकि भविष्य में पेंशन प्राप्त करने में किसी तरह की बाधा न आए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >