जमुई. जिलाधिकारी नवीन कुमार ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसूति वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया, मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई डीएम ने बताया कि उनके कार्यालय के दो सरकारी कर्मियों के यहां हाल ही में सदर अस्पताल में ही प्रसव हुआ है. इनमें आइटी मैनेजर रवि कुमार रजक (पत्नी: सबनम कुमारी, निवासी जमालपुर, मुंगेर) तथा फोर्थ ग्रेड कर्मचारी परिवार से जुड़े मोनू कुमार (पत्नी: भारती कुमारी, निवासी मोहनपुर थाना क्षेत्र) शामिल हैं. मोनू कुमार के पिता बच्चू जी स्वयं फोर्थ ग्रेड कर्मचारी हैं. डीएम ने दोनों परिवारों को अपने हाथों से जन्म प्रमाण पत्र सौंपते हुए कहा कि यह आम जनता के लिए एक मजबूत संदेश है. उन्होंने कहा, “जब सरकारी सेवक खुद सरकारी अस्पताल में प्रसव कराते हैं तो आम लोगों का विश्वास स्वतः बढ़ता है. अगर हम ही अपनी व्यवस्था पर भरोसा नहीं करेंगे तो जनता कैसे करेगी. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई और बदली हुई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अस्पताल की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था सराहनीय है. अस्पताल परिसर से निकलते समय उन्होंने आसपास की व्यवस्था भी देखी और सिविल सर्जन से उपलब्ध सुविधाओं व कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत चर्चा की. साथ ही सख्त निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज और सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सरकारी अस्पताल पर लोगों का बढ़ा भरोसा : डीएम
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी.
