नदी पार कर स्कूल जाते हैं बच्चे, जान जोखिम में डाल गर्भवती महिलाएं जातीं हैं अस्पताल

चार गांवों के करीब 2000 से अधिक लोग प्रभावित, ग्रामीणों ने नदी में बैठकर प्रदर्शन किया.

चार गांवों के करीब 2000 से अधिक लोग प्रभावित, ग्रामीणों ने नदी में बैठकर किया प्रदर्शन

जमुई. जिले के खैरा थाना क्षेत्र के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. आजादी के 78 साल बाद भी यहां पुल नहीं बना है. बरखुटिया, बराटीला, जातजोर और लहखारी गांव के लोगों को एक छोटी नदी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, नदी की चौड़ाई लगभग 300 फीट है और इस पर पुल नहीं होने के कारण करीब 2000 से अधिक लोगों का जनजीवन प्रभावित है. बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कूल जाने के दौरान लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है और फिर जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है. स्थिति इतनी गंभीर है कि गर्भवती महिलाओं को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने के लिए इसी नदी को पार करना पड़ता है. बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर काफी बढ़ जाता है और पानी का बहाव तेज हो जाता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है. ऐसे में किसी बड़ी घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है.

जनप्रतिनिधि करते हैं सिर्फ बड़े-बड़े वादे

ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय नेता और जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद कोई उनकी समस्या सुनने नहीं आता. ग्रामीण कई बार विधायक और सांसद को लिखित आवेदन देकर पुल निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. गांव के फाल्गुनी यादव और संजय राय ने बताया कि मजदूरों को काम पर जाने के लिए मजबूरी में नदी पार करनी पड़ती है. कई बार अचानक पानी बढ़ जाने से मवेशी भी बह गये, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.

नदी में पानी बढ़ने से स्कूल नहीं पहुंच पाते स्कूल

बारिश के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं. नदी में पानी भर जाने के कारण कई बार शिक्षक भी स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे स्कूल बंद रहता है और बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है. एक ओर सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पुल नहीं होने के कारण बच्चों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने नदी में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >