जमुई: शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और इलाज के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए माहिसौढ़ी चौक को जाम कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया.
देर रात बिच्छू ने काटा, निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार, टाउन थाना क्षेत्र के नर्मदा गांव निवासी विजय रजक के 13 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार को शनिवार की देर रात करीब 2 बजे एक जहरीले बिच्छू ने काट लिया था. आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जमुई शहर स्थित ‘सूर्यनारायण हॉस्पिटल’ पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद इलाज की प्रक्रिया शुरू तो की गई, लेकिन बच्चे की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई.
लाखों की मांग और मौत छिपाने का आरोप
मृतक के पिता विजय रजक और चाचा अजय यादव ने अस्पताल प्रशासन पर संगीन आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि डॉक्टरों ने इलाज के लिए तीन से चार लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी और परिजनों से मोटी रकम जमा भी करवा ली गई. परिजनों ने दावा किया कि बच्चे की मौत रात में ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने पैसे ऐंठने के चक्कर में इस बात को छिपाए रखा और सुबह होने पर मौत की जानकारी दी.
सड़क जाम कर जताया विरोध, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल की कार्यशैली से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह माहिसौढ़ी चौक पर बैरिकेड लगाकर सड़क जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की. जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों को उचित जांच व कार्रवाई का भरोसा देकर जाम हटवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है. किशोर की असमय मौत से पूरे नर्मदा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
