झाझा. थाना क्षेत्र के बाराजोर गांव निवासी शिक्षक मो इकबाल के 32 वर्षीय पुत्र मो तौफीक व उसके चार वर्षीय पुत्र मो अरहान गाजी का शव मंगलवार अपराह्न नागी पक्षी अभ्यारण्य के पूर्वी-दक्षिणी घाट से बरामद किया गया. इस घटना से जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहां पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. जानकारी के अनुसार, मो तौफीक मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे अपने पुत्र के साथ बाइक से टहलने के लिए घर से निकले थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला. इसके बाद परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की. घटना की सूचना थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को दी गयी. पुलिस की सक्रियता के बीच मोबाइल लोकेशन के आधार पर नागी जलाशय के पूर्वी-दक्षिणी भाग में तलाश की गयी. वहां पहुंचने पर तौफीक की बाइक खड़ी मिली और पास में उसका चप्पल भी बरामद हुआ. इसके बाद गोताखोरों की मदद से कुछ ही देर में जलाशय से शिक्षक एवं उसके मासूम पुत्र का शव बाहर निकाला गया. शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. मृतक के पिता मो इकबाल ने बताया कि तौफीक की नियुक्ति बीपीएससी के माध्यम से शिक्षक के रूप में हुई थी. पहले उसकी पोस्टिंग दरभंगा में थी, जबकि हाल ही में उसका स्थानांतरण झाझा के बालियाडीह उर्दू मध्य विद्यालय में हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. थानाध्यक्ष की देखरेख में शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
नागी जलाशय में चार वर्षीय पुत्र के साथ शिक्षक का शव बरामद
थाना क्षेत्र के बाराजोर गांव निवासी शिक्षक मो इकबाल के 32 वर्षीय पुत्र मो तौफीक व उसके चार वर्षीय पुत्र मो अरहान गाजी का शव मंगलवार अपराह्न नागी पक्षी अभ्यारण्य के पूर्वी-दक्षिणी घाट से बरामद किया गया.
