जमुई. जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए गुरुवार को एसडीओ सौरव कुमार ने शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैकलॉग, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की. एसडीओ ने एजेंसी संचालकों से गैस सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया और उपभोक्ताओं तक आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गैस वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाये. निरीक्षण के बाद एसडीओ सौरव कुमार ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है. जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है. उन्होंने बताया कि सर्वर स्लो होने के कारण कुछ उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी में दिक्कत आ रही है, लेकिन यह एक अस्थायी तकनीकी समस्या है, जिसे जल्द दूर कर लिया जायेगा. उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन हर स्तर पर निगरानी कर रहा है और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं. एसडीओ ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल कर वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाएं. प्रशासन की इस सक्रिय पहल से आम लोगों में भरोसा बढ़ा है. उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में जिले की गैस आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारु व पारदर्शी होगी.
गैस सिलिंडर उपलब्ध है, घबराने की जरूरत नहीं : एसडीओ
जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए गुरुवार को एसडीओ सौरव कुमार ने शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया.
