जमुई. जिले में एलपीजी गैस को लेकर चल रही किल्लत की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है. जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई जरूरत नहीं है. डीएम ने बताया कि वर्तमान में जिले में 6,689 से अधिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जो दैनिक मांग को पूरा करने में सक्षम है. आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने के लिए प्रशासन ने शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की बुकिंग समय-सीमा तय की है. साथ ही निर्देश दिया गया है कि बुकिंग के बाद अधिकतम 2 से 3 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाये. आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है. डीएम स्वयं प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे समीक्षा बैठक कर रहे हैं, जिसमें सभी गैस एजेंसियों से अद्यतन रिपोर्ट ली जा रही है. इसके अलावा एसडीओ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष जांच और छापेमारी दल सक्रिय हैं, जो सुबह 6 बजे से ही एजेंसियों की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन द्वारा होटलों और रेस्टोरेंटों में घरेलू गैस के अवैध उपयोग और जमाखोरी के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया जा रहा है. जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं. उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला गोपनीय शाखा में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. गैस, पेट्रोल या डीजल से संबंधित किसी भी शिकायत या कालाबाजारी की सूचना 06345-222001 पर दी जा सकती है.
दैनिक मांग के लिए जिले में 6,689 से अधिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक : डीएम
जिले में एलपीजी गैस को लेकर चल रही किल्लत की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है.
