अजीबो-गरीब मामला : एक युवक पर दो परिवारों का दावा

पुलिस कर रही मामले की जांच

बरहट. स्थानीय थाना क्षेत्र के डाढ़ा पंचायत अंतर्गत कालापत्थर गांव में गुरुवार को एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया. एक युवक को लेकर दो परिवार आमने-सामने हो गये. दोनों ही परिवार युवक को अपना बेटा बताकर दावा कर रहे हैं. इससे गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामा का माहौल बना रहा .जानकारी के अनुसार एक युवक भटकते हुए कालापत्थर गांव पहुंचा था. गांव के ही अरुण मांझी ने उसकी 14 वर्ष पूर्व लापता हुए अपने बेटे वीडियो कुमार के रूप में पहचान की. अरुण मांझी युवक को अपने घर ले गये और अपने खोये बेटे के मिलने की खुशी परिवार और स्वजनों के साथ खुशी मनाने लगे. इसी दौरान खैरा थाना क्षेत्र के मांगोबंदर गांव निवासी कैलाश भगत भी अपने पत्नी और पूरे परिवार के साथ कालापत्थर गांव पहुंच गये और युवक को अपना बेटा श्रवण भगत बताते हुए उस पर दावा कर दिया. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच युवक को लेकर तीखी बहस होने लगी. हंगामा शुरू हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गयी. मामले की सूचना स्थानीय मुखिया को दी गयी. मुखिया के समक्ष भी दोनों परिवार युवक को अपना बेटा बताते हुए जोर-जोर से दावा करने लगे. इस दौरान कालापत्थर गांव निवासी अरुण मांझी ने राशन कार्ड में लगी युवक की फोटो दिखाकर अपने बेटे होने का प्रमाण भी प्रस्तुत किया. उनका कहना है कि उनका बेटा बचपन में ही लापता हो गया था. स्थिति को गंभीर होता देख स्थानीय लोगों ने डायल 112 नंबर की पुलिस टीम को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक सहित दोनों परिवारों को बरहट थाना ले गयी और वहां मामले की जांच शुरू कर दी.

बोले थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि दोनों परिवार युवक पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं. साक्ष्य और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही युवक के वास्तविक अभिभावक की पहचान सुनिश्चित की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >