खैरा. थाना क्षेत्र के भौंड गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस घटना में घायल हुए पांच लोगों समेत एक अन्य आरोपित को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सभी घायलों का इलाज खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराने के बाद उन्हें जेल भेजा गया. जानकारी के अनुसार खातियानी जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. शनिवार शाम विवादित जमीन पर मिट्टी उठाव और घेराबंदी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों ने फरसा तथा टांगी से एक-दूसरे पर हमला कर दिया. घटना में एक पक्ष के मुन्ना मांझी, जिम्मेदार मांझी और सियाशरण मांझी घायल हो गए थे. जबकि दूसरे पक्ष के मिश्री मांझी और नागेश्वर मांझी को भी गंभीर चोटें आई थीं. घटना की सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घायल पांच लोगों के अलावा एक अन्य आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया. सभी छह आरोपितों को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फरसा भी बरामद कर लिया है. मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
जमीनी विवाद में छह लोग गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल
जमीनी विवाद में छह लोग गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल
