अपहृत शिक्षक की सकुशल बरामदगी के लिए एसआइटी की छापेमारी जारी
एसपी लगातार कर रहे मॉनिटरिंग
झाझा. बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास के अपहरण मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गयी है. अपहृत शिक्षक की सकुशल बरामदगी को लेकर लगातार मामले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं.
शनिवार को एसपी झाझा थाना पहुंचे और मामले की समीक्षा करते हुए छापेमारी दल को आवश्यक टिप्स दिये. उन्होंने बताया कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद से ही बांका व जमुई पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.
दो एसआइटी का किया गया है गठन
एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो एसआइटी का गठन किया गया है. एक टीम का नेतृत्व झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार कर रहे हैं, जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह कर रहे हैं. दोनों टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, हालांकि अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पायी है.एसपी ने कहा कि अपहर्ता कितना भी शातिर क्यों न हो, वह जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा और अपहृत शिक्षक को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा. एसपी ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि समाज को शिक्षित करने वाले शिक्षक का इस तरह अपहरण किया जाना बिल्कुल बचकाना हरकत है.पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस तरह के अपराध में संलिप्त लोगों की पूरी कुंडली खंगाली जा रही है. मामले में बांका पुलिस भी सक्रिय रूप से काम कर रही है. इसके साथ ही झारखंड सीमा से सटे क्षेत्रों में भी पुलिस सहयोग से छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अपहर्ताओं की ओर से फिरौती के लिए एक बार फोन आया था, लेकिन उसके बाद इस तरह की कोई मांग नहीं की गयी है.
विद्यालय की रसोइया के पति से हो रही पूछताछ
इधर शिक्षक की बरामदगी नहीं होने से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है. परिजन लगातार पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं. वहीं एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि अपहृत शिक्षक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है. फिलहाल मामले में विद्यालय की रसोइया के पति को डिटेन कर उससे पूछताछ की जा रही है.
12 मार्च को किया गया है अपहरण
बताया जाता है कि बीते 12 मार्च को हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास व विद्यालय की रसोइया किरण देवी का उस समय अपहरण कर लिया था, जब वे विद्यालय बंद कर माणिकथान-बखोरी मार्ग से नरगंजो रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे. घटना के बाद पुलिस ने अपहृत शिक्षक की बाइक बरामद कर ली है और मामले की जांच जारी है.