एएनएम व रिटायर्ड रेलकर्मी से हुई थी घटना, कोढ़ा गिरोह की पहचान, आरोपितों की तलाश में छापेमारी तेज झाझा. सोनो की एक स्वास्थ्यकर्मी व झाझा के खलासी मोहल्ला निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी से हुई छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दोनों मामलों में लूटे गये कुल 3 लाख 60 हजार रुपये बरामद कर लिया है. साथ ही घटना में शामिल गिरोह की पहचान भी कर ली गयी है. जानकारी देते हुए एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि बीते मंगलवार को सोनो अस्पताल में कार्यरत एएनएम सविता कुमारी झाझा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 3.30 लाख रुपये की निकासी की थी. पैसा निकाल कर बाजार होते हुए स्टेशन जाने के दौरान रेलवे कोच रेस्टोरेंट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनसे रुपये से भरा बैग छीन लिये और फरार हो गये थे. इसी तरह एक अन्य मामले में खलासी मोहल्ला निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी से 30 हजार रुपये की छिनतई हुई थी. घटना को लेकर थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह की टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए कटिहार जिले के कोढ़ा गिरोह तक पहुंच बनायी. वहां छापेमारी कर पुलिस ने एएनएम से छीने गये 3.30 लाख रुपये व रिटायर्ड रेलकर्मी से छीने गये 30 हजार रुपये बरामद कर लिये. उन्होंने बताया कि दोनों घटना में शामिल आधा दर्जन से अधिक आरोपितों की पहचान कर ली गयी है. गिरोह के सदस्य अब भी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
छिनतई के 3.60 लाख रुपये बरामद, आरोपित पकड़ से बाहर
सोनो की एक स्वास्थ्यकर्मी व झाझा के खलासी मोहल्ला निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी से हुई छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है
