जमुई. दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत जीविका जमुई की ओर से सोमवार को जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र (एफटीआईसी) में वर्चुअल रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने की, जबकि संचालन रोजगार प्रबंधक सुजीत कुमार द्वारा किया गया. इस वर्चुअल रोजगार मेले में जिले के सभी दस प्रखंडों के संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से कुल 185 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया, वहीं एफटीआईसी जमुई में 96 अभ्यर्थियों ने सीधे पहुंचकर अपना आवेदन जमा किया. मेले के दौरान युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई और उनके कौशल के अनुरूप मार्गदर्शन भी किया गया. रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें एसआईएस सिक्योरिटी सर्विसेस, क्वेश (टाटा मोटर्स), परम स्किल, अवसर, अरविंद, एयरटेल पेमेंट बैंक, आमधन ई., रूपल हॉस्पिटैलिटी एंड एडुटेक, निर्मला जॉब तथा एलएनजे स्किल जैसी कंपनियां शामिल रहीं. इन कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया गया और उनकी योग्यता के आधार पर चयन की प्रक्रिया पूरी की गई. इस दौरान 11 अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया, जिससे युवाओं में काफी उत्साह देखा गया. चयनित अभ्यर्थियों ने इसे अपने करियर की नई शुरुआत बताते हुए खुशी जाहिर की. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार से जोड़ना और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना था. जीविका के इस प्रयास से न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरणा मिल रही है. मेले में पहुंचे युवाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें घर के पास ही रोजगार पाने का मौका मिल रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है. अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके.
वर्चुअल रोजगार मेला में 11 को मिला ऑन-द-स्पॉट ऑफर लेटर
जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण सह सूचना केंद्र (एफटीआईसी) में वर्चुअल रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
