-डीएम की समीक्षा बैठक में निर्णय, होटल-अस्पताल व अपार्टमेंट को प्राथमिकता, एलपीजी के सुरक्षित विकल्प पर जोर जमुई. जिले में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार को लेकर बुधवार को अहम पहल की गयी. जिला पदाधिकारी नवीन की अध्यक्षता में पाइप नेचुरल गैस कनेक्शन के विस्तार को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी, इसमें संबंधित विभागों और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में निर्णय लिया गया कि जमुई शहरी क्षेत्र के व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर PNG कनेक्शन उपलब्ध कराया जायेगा. खासकर होटल, अस्पताल, अपार्टमेंट, आवासीय सोसायटी और शैक्षणिक संस्थानों में जहां गैस की खपत अधिक है, वहां तेजी से कनेक्शन सुनिश्चित किया जायेगा. डीएम ने निर्देश दिया कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ा जाये. साथ ही सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों में भी जल्द कनेक्शन लगाने को कहा गया, ताकि इसकी शुरुआत प्रशासनिक स्तर से ही हो सके. आम लोगों की सुविधा के लिए शहर में विशेष शिविर लगाकर पंजीकरण की व्यवस्था की गयी है. ये शिविर डीएम आवास के सामने तथा जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग पर टीवीएस शोरूम के पास (मणिदीप एकेडमी के बगल में) लगाये जायेंगे. इच्छुक उपभोक्ता इन शिविरों में पहुंचकर या जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए आधार, पैन या पासपोर्ट पहचान पत्र के रूप में तथा पते के प्रमाण के लिए बिजली बिल या एलपीजी बिल देना होगा. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित, सस्ती और उपयोग में आसान है. साथ ही कनेक्शन के लिए जमा की जाने वाली सुरक्षा राशि भी पूरी तरह वापस करने योग्य है. जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के लोगों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्वच्छ और आधुनिक ऊर्जा प्रणाली को अपनाते हुए जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन लें, ताकि सुरक्षित और किफायती ईंधन का लाभ मिल सके.
जमुई में पीएनजी कनेक्शन को मिलेगा बढ़ावा, शिविर लगाकर किया जायेगा ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन
जिले में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार को लेकर बुधवार को अहम पहल की गयी. जिला पदाधिकारी नवीन की अध्यक्षता में पाइप नेचुरल गैस कनेक्शन के विस्तार को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी
