ब्लैक डायमंड फुटबॉल टूर्नामेंट जारी
हजारों खेल प्रेमियों की मौजूदगी में रोमांचक मुकाबला
जमुई. ब्लैक डायमंड फुटबॉल टूर्नामेंट के सातवें दिन शनिवार को महिला वर्ग का रोमांचक मुकाबला खेला गया. इसमें पटना और सिलीगुड़ी की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. निर्धारित समय तक दोनों टीम कोई गोल नहीं हो सकी, जिसके बाद मैच का फैसला टाइब्रेकर के माध्यम से किया गया. टाइब्रेकर में पटना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिलीगुड़ी को 3-0 से पराजित कर दिया.
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मैदान में मौजूद हजारों खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे मैच के दौरान तालियों और नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाये रखा.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लैक डायमंड स्कूल जमुई की प्रिंसिपल कमललता सोनी थीं. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल को अनुशासन, समर्पण व टीम भावना का प्रतीक बताया. मैच में रेफरी की भूमिका ओम प्रकाश शर्मा, विनीत कुमार, रौशन कुमार गुप्ता और विकास कुमार ने निभायी. मौके पर ब्लैक डायमंड एजुकेशन ग्रुप के संस्थापक अनिल सिंह, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रवि सिंह, शिवशंकर तांती, सचिव कुंदन सिंह, संयुक्त सचिव सुदर्शन सिंह, अक्षय कुमार, कोषाध्यक्ष ललन कुमार, अमित कुमार शर्मा और मिथुन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में काफी उत्साह दिख रहा है और हर दिन बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में पहुंच रहे हैं.