सोनो. एनएच-333 झाझा-सोनो-चकाई मुख्य सड़क जगह जगह टूट रही है. कई जगहों पर बड़े बड़े गड्ढे बन गये हैं. सड़क पर बने इन खतरनाक गड्ढों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. भारी वाहनों के दबाव से लगातार बदहाल हो रहे इस सड़क पर बने गड्ढे की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग खामोश है. प्रशासनिक उदासीनता के कारण सड़क की स्थिति दिनों दिन बदतर होती जा रही है और सड़क पर बने खतरनाक गड्ढों से होकर गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है. इस मार्ग से गुजरना जोखिम से भर गया है. सोनो से झाझा जाने वाली सड़क पर परियोजना स्कूल से थोड़ा आगे बीच सड़क पर गड्ढे बन गए है. इसके अलावे सोनो चौक, खपरिया पुल, रक्सा मोड़ और बटिया घाटी स्थित चिरेन पुल के पास यह एनएच सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. इन जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है. बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे दुर्घटनाएं होने का खतरा बढ़ जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली यह सड़क क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टाला जा सके.
बदहाली के कगार पर एनएच 333, कई जगहों पर बने गड्ढे
एनएच-333 झाझा-सोनो-चकाई मुख्य सड़क जगह जगह टूट रही है. कई जगहों पर बड़े बड़े गड्ढे बन गये हैं.
