खोया मोबाइल मिला, चेहरों पर लौटी मुस्कान

हमें उम्मीद ही नहीं थी कि हमारा खोया मोबाइल इतनी आसानी से मिल जायेगा, लेकिन चकाई पुलिस की तत्परता से यह संभव हो पाया.

-ऑपरेशन मुस्कान के तहत चकाई पुलिस की बड़ी सफलता, 80 हजार के मोबाइल लौटाये चकाई. हमें उम्मीद ही नहीं थी कि हमारा खोया मोबाइल इतनी आसानी से मिल जायेगा, लेकिन चकाई पुलिस की तत्परता से यह संभव हो पाया. यह कहना था उन लोगों का, जिन्हें सोमवार को चकाई थाना परिसर में उनका खोया मोबाइल वापस मिला. चकाई थाना में आयोजित एक छोटे से समारोह में थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने चार लोगों को उनके मोबाइल फोन लौटाये. मोबाइल मिलते ही सभी के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताया. मोबाइल पाने वालों में कोहवाराटांड़ की खुशबू कुमारी, झारखंड के सारठ थाना क्षेत्र के धरमपुर निवासी रितम वर्मा, चकाई के अंसारी मोहल्ला निवासी पंचायत समिति प्रतिनिधि तनवीर अंसारी तथा रामचंद्रडीह गांव के अरमान शामिल हैं. इन सभी के मोबाइल पिछले तीन महीनों के भीतर खो गए थे या चोरी हो गए थे. थाना अध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत चकाई पुलिस लगातार खोए हुए मोबाइल की बरामदगी कर रही है. इसी अभियान के तहत इन मोबाइल को बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपा गया. बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गयी है. उन्होंने जानकारी दी कि पिछले तीन महीनों में चकाई पुलिस ने करीब 24 खोये मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए हैं, जो पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस सफलता में सीसीटीएनएस प्रभारी सुनील कुमार चौधरी की अहम भूमिका रही. उनके अथक प्रयास से ही मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए जा सके. मौके पर प्रशिक्षु अवर निरीक्षक नेहा कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे. चकाई पुलिस की इस पहल से न सिर्फ लोगों का भरोसा बढ़ा है, बल्कि यह संदेश भी गया है कि खोई हुई वस्तु मिलने की उम्मीद कभी नहीं छोड़नी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >