जमुई. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को जिला मुख्यालय अंतर्गत कल्याणपुर मुहल्ला स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय वार्ड 21 में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता प्रसादी शाह व पारा विधिक सेवक स्मिता कुमारी द्वारा किया गया. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण व विधिक साक्षरता को लेकर विस्तार से जानकारी दी गयी. पैनल अधिवक्ता प्रसादी शाह ने कहा कि आधुनिक युग में पर्यावरण प्रदूषण, विशेषकर वायु प्रदूषण, गंभीर समस्या बन चुका है. महानगरों में हवा सांस लेने लायक नहीं रह गयी है, इससे अनेक प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें आम लोगों की भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने विद्युत व गैस से चलने वाले वाहनों के उपयोग, छोटी दूरी के लिए साइकिल के प्रयोग, कार पूलिंग तथा कचरे के समुचित प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि इससे मृदा, जल व वायु प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता है. शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी गयी. साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न के विषय में लोगों को जागरूक किया गया. वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और सुरक्षित वातावरण देकर ही समाज और कार्यस्थल को बेहतर बनाया जा सकता है. कार्यक्रम में वार्ड संख्या 21 के वार्ड सदस्य कुलदीप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
