महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लक्ष्मीपुर में राजद का धरना-प्रदर्शन
Published by : Shruti Kumari Updated At : 09 Jun 2026 3:45 PM
लक्ष्मीपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल राजद कार्यकर्ता और नेता
Laxmipur RJD Dharna: कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने किया. धरना के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की.
लक्ष्मीपुर से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Laxmipur RJD Dharna: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को लक्ष्मीपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप राजद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जन मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने किया. धरना के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की.
सरकार पर जन समस्याओं की अनदेखी का आरोप
धरना को संबोधित करते हुए राजद प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार जन समस्याओं के समाधान में विफल साबित हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है.
उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है. वहीं बेरोजगारी और पलायन की समस्या भी लगातार गंभीर होती जा रही है.
भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर उठाये सवाल
राजद नेताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के दावों के बावजूद विभिन्न विभागों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं. वक्ताओं ने राज्य में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताई.
उन्होंने कहा कि हत्या, लूट और अन्य अपराधों की घटनाओं से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. सरकार को कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दे उठाये
धरना के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों की आलोचना की. उन्होंने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, महंगाई पर नियंत्रण करने और जन समस्याओं के समाधान की मांग की.
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ राजद नेता सह प्रखंड उपाध्यक्ष रामवतार पासवान, शैलेन्द्र यादव, रामचंद्र यादव, युगल राम चंद्रवंशी, शिवन यादव, नंदकिशोर मरांडी, कृष्णा यादव, अक्लू यादव, प्रभु यादव, रामदेव यादव, कृष्णदेव यादव, भरत यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने जन मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










