Jamui Corruption Allegation: जमुई से रिपोर्ट — जमुई जिले में भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपों ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. सोनो थाना क्षेत्र के बुझायत गांव निवासी एवं उन्मूलन एक्ट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष कैलाश कुमार दास ने आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) पटना को आवेदन देकर जिले के कुछ पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है.
अवैध बालू खनन और जमीन कब्जे के आरोप
अपने आवेदन में कैलाश कुमार दास ने आरोप लगाया है कि वर्तमान थानाध्यक्ष बटिया, पूर्व और वर्तमान अनुसंधान पदाधिकारियों के साथ कुछ नेताओं की मिलीभगत से अवैध बालू खनन और भू-माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है. शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन कब्जा कराने और अन्य फर्जीवाड़े में भी इन लोगों की भूमिका रही है.
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का दावा
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने अपने पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक बेनामी संपत्ति अर्जित की है. शिकायतकर्ता ने आर्थिक अपराध इकाई से पूरे मामले की गहराई से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
पहले भी दी गई थी शिकायत
कैलाश कुमार दास ने कहा है कि इससे पहले भी संबंधित मामलों को लेकर आवेदन दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसी कारण उन्होंने इस बार सीधे आर्थिक अपराध इकाई पटना का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसी मामले को गंभीरता से लेकर निष्पक्ष कार्रवाई करेगी.
मुख्यमंत्री और डीजीपी को भी भेजी गई प्रतिलिपि
मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन की प्रतिलिपि बिहार के मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक को भी भेजी गई है. हालांकि अब तक प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Also Read: बिहार में वीडियो कॉल से होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी, पूरे बिहार में लागू होगी नई व्यवस्था
