बरहट. बरहट प्रखंड की कटौना पंचायत के वार्ड 8 में कन्या विवाह मंडप निर्माण की योजना को स्वीकृति मिल गयी है. इस योजना के तहत पंचायत सरकार भवन के बगल में खाली पड़ी जमीन पर आधुनिक सुविधाओं से लैस विवाह भवन का निर्माण कराया जायेगा. जानकारी देते पंचायत राज पदाधिकारी ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार करीब 50 लाख रुपये की लागत से इस कन्या विवाह मंडप का निर्माण किया जायेगा. प्रस्तावित भवन को पूरी तरह हाईटेक स्वरूप दिया जायेगा ताकि ग्रामीणों को शहर जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें. भवन में दो बड़े हॉल, आधा दर्जन से अधिक कमरे, विवाह मंडप स्थल, आधुनिक शौचालय, किचन, बाथरूम और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी. निर्माण कार्य की जिम्मेदारी पंचायत के मुखिया कपिलदेव प्रसाद को सौंपी गयी है ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विवाह भवन के निर्माण से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी. अब शादी-विवाह के लिए दूर-दराज के महंगे भवनों पर निर्भरता कम होगी और पंचायत स्तर पर ही सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा. इससे सामाजिक आयोजनों को सुचारू रूप से संपन्न कराने में भी मदद मिलेगी.
जीविका दीदियों को मिलेगा रोजगारपंचायत राज पदाधिकारी ने बताया कि यह योजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है. भवन निर्माण पूरा होने के बाद इसका संचालन जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियों को सौंपा जायेगा. इससे भवन का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित होगा और स्थानीय महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि विवाह मंडप के संचालन से जीविका समूह की दीदियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. साथ ही भवन के रख-रखाव, बुकिंग और अन्य व्यवस्थाओं में भी स्थानीय महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. इससे पंचायत स्तर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.कहतें हैं पदाधिकारी
इस संबंध में पंचायत राज पदाधिकारी शशिकांत वर्मा ने कहा कन्या विवाह मंडप भवन निर्माण हो जाने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कम खर्च में विवाह संपन्न कराने में सहयोग मिलेगा. वहीं पंचायत स्तर पर रोजगार सृजन का नया रास्ता भी खुलेगा.
