गिद्धौर. प्रखंड मुख्यालय स्थित गिद्धौर बाजार से होकर जमुई को जोड़ने वाली बाइपास इन दिनों जर्जर हो चुका है. सड़क की खराब हालत के कारण यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व इस सड़क का निर्माण लाखों रुपये की लागत से कराया गया था, ताकि गिद्धौर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा हो सके. लेकिन वर्तमान में बालू लदे भारी मालवाहक ट्रकों के लगातार आवागमन और अत्यधिक भार के कारण सड़क कई जगहों पर टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गयी है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है. कई बार दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर भी जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि इस सड़क से गिद्धौर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी सुविधा होती है और दूरी भी कम हो जाती है. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत कर दी जाए तो क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो जायेगी.
गिद्धौर-जमुई बाइपास जर्जर, आवागमन में हो रही परेशानी
प्रखंड मुख्यालय स्थित गिद्धौर बाजार से होकर जमुई को जोड़ने वाली बाइपास इन दिनों जर्जर हो चुका है.
