जमुई. टाउन थाना क्षेत्र के छठ्ठु धनाम गांव में बुधवार को गेहूं के खेत में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी. इस हादसे में 14 किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग लगातार फैलती चली गई और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जलकर खाक हो चुकी थी. इस अगलगी में किसान राहुल कुमार रामप्रवेश मिस्त्री, इंद्रदेव मंडल, अनिल मिस्त्री, मनोज शर्मा, परमानंद मंडल, निरंजन साह, सातो साह, नवल साह, कामो पासवान, राजू कुमार सहित अन्य किसानों की फसल भी जलकर राख हो गयी. किसानों ने बताया कि, हमने घर से देखा कि खेत में तेज लपटें उठ रही हैं शोर मचाने पर लोग जुटे, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासन मामले की जांच में जुटी है.
गेहूं के खेत में लगी आग, सात बीघा फसल राख
टाउन थाना क्षेत्र के छठ्ठु धनाम गांव में बुधवार को गेहूं के खेत में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी.
