शिवमपुरी में खड़ी तीन लग्जरी कारों में लगी आग

नगर परिषद क्षेत्र के शिवमपुरी कॉलोनी में शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर खड़ी तीन लग्जरी कारों में अचानक आग लग गयी.

जमुई. नगर परिषद क्षेत्र के शिवमपुरी कॉलोनी में शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर खड़ी तीन लग्जरी कारों में अचानक आग लग गयी. इस घटना में तीनों कारें जल गयीं. वाहन मालिक अलक कुमार सिन्हा, गोवर्धन कुमार व आशीष कुमार ने बताया कि पहले एक कार से धुआं उठता देख शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गयी और तीनों कारों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गयी. सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कॉलोनी की संकरी गली के कारण बड़ा फायर ब्रिगेड वाहन अंदर नहीं जा सका. इसके बाद छोटे वाहनों को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं. पीड़ित वाहन मालिक के अनुसार, इस अगलगी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. वहीं स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया. हालांकि, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिवानी कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत बड़ा दमकल वाहन भेजा गया था, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण उसे अंदर जाने में दिक्कत हुई इसके बाद छोटे दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >