मामूली विवाद में मारपीट, आठ घायल

सदर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार को मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.

जमुई. सदर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार को मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने से दोनों ओर से चार-चार समेत कुल आठ लोग घायल हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. एक पक्ष से घायल जसीम खान, उनकी पत्नी शालमुन खातून, पुत्र दिलबर आलम और बहनोई अमजद उर्फ मिंटू शामिल हैं. वहीं दूसरे पक्ष से मो इदरीस खान, पुत्र शाबीर खान, उनकी पत्नी शाहिदन खातून और शगीर खान शामिल हैं. घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट शुरू करने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में आवेदन दिया है. घायल मो जसीम खान ने बताया कि उनकी पत्नी शालमुन खातून घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी इसी दौरान पड़ोस की शाहिदन खातून गाली-गलौज करने लगी. विरोध करने पर उनके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी. वहीं दूसरे पक्ष के शाबीर खान का कहना है कि उनकी मां ने सिर्फ इतना कहा था कि आप अपने हिस्से में झाड़ू लगाइए, हमारे तरफ नहीं. इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी, जिससे वे लोग घायल हो गये. फिलहाल सदर थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >