चंद्रमंडीह . चकाई रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए नई ईएसआर मशीन स्थापित की गयी है. इस मशीन के आने से अब स्थानीय मरीजों को रक्त जांच के लिए निजी पैथोलॉजी केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अस्पताल प्रबंधक नवनीत कुमार ने बताया कि यह मशीन पटना से प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि पहले ईएसआर जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को बाहर से टेस्ट कराना पड़ता था. लेकिन अब यह सुविधा अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध होगी. इससे गरीब मरीजों को काफी सहूलियत होगी. अस्पताल के लैब टेक्नीशियन अरुण कुमार ने बताया कि ईएसआर मशीन विशेष रूप से टीबी के मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी है. चकाई क्षेत्र में टीबी के मरीजों की संख्या को देखते हुए इस मशीन की मांग लंबे समय से की जा रही थी. अब अस्पताल में ही सटीक जांच होने से मरीजों का उपचार समय पर शुरू हो सकेगा. अस्पताल प्रबंधन के इस कदम से चकाई प्रखंड के ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों में हर्ष है.
चकाई रेफरल अस्पताल में ईएसआर जांच शुरू, मरीजों को मिलेगी राहत
चकाई रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए नई ईएसआर मशीन स्थापित की गयी है.
