बरहट. मलयपुर थाना क्षेत्र के बायपास मोड़ कटौना के समीप सोमवार को करीब आठ वर्षीय एक बालक लावारिस हालत में भटकता हुआ पाया गया. अकेले रोते हुए बच्चे को देख स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसकी मदद की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा काफी डरा हुआ और परेशान नजर आ रहा था. आसपास मौजूद लोगों ने उससे उसका नाम घर का पता और पिता का नाम पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता सका. इसके बाद लोगों ने बच्चे को शांत कराने की कोशिश की उसे पानी पिलाया और नाश्ता करवाकर सहज बनाने का प्रयास किया. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने बच्चे के परिवार और घर का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. इस संबंध में मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक छोटा बच्चा अपने परिवार से बिछुड़ गया है और वह कुछ भी बताने में असमर्थ है. उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों और अन्य थानों से संपर्क साधा जा रहा है, ताकि बच्चे की पहचान कर उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके.
लावारिस हालत में मिला आठ वर्षीय बालक, पुलिस ने संरक्षण में लिया
मलयपुर थाना क्षेत्र के बायपास मोड़ कटौना के समीप सोमवार को करीब आठ वर्षीय एक बालक लावारिस हालत में भटकता हुआ पाया गया.
