लखन धनामा गांव के समीप ई-रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग स्थित लखन धनामा गांव के समीप मंगलवार दोपहर घात लगाये अपराधियों ने एक ई-रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या कर दी.

जमुई. जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग स्थित लखन धनामा गांव के समीप मंगलवार दोपहर घात लगाये अपराधियों ने एक ई-रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान लखन धनामा गांव निवासी बेजनाथ यादव के 45 वर्षीय पुत्र अशोक यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि अशोक यादव ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. अन्य दिनों के तरह ई-रिक्शा लेकर जमुई से वापस घर लौट रहा था. जखराज स्थान के पास जैसे वह पहुंचा ही था कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उसके सिर में ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दी. गोली लगते ही अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना स्थल के आसपास पर रहे ग्रामीण पंकज माझी ने बताया कि मैं जमुई जाने को लेकर जखराज स्थान पर मौजूद था. अशोक यादव ने मुझे पानी लाने के लिए बोतल दिया और मैं जैसे ही चापाकल की ओर गया, तभी अचानक अपराधी ने अशोक यादव को गाली मारकर पश्चिम दिशा में शिवसोना गांव की ओर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किये हैं. साथ ही, फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य इक्ट्ठा किया. इसकी सूचना मिलते ही मृतक अशोक यादव के परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया जाता है कि अशोक यादव अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गये. परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने यह साफ कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है.

घटना को लेकर लोगों में दिखा आक्रोश

अशोक यादव की दिनदहाड़े हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द-से-जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि पंकज मांझी ने अपने किसी परिजन को जमुई ले जाने के लिए उन्हें साजिश के तहत फोन कर बुलाया है. जिसके बाद पुलिस ने पंकज मांझी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया.

पीड़ित परिजन से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री

लखन धनामा गांव निवासी अशोक यादव की हत्या की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री सह राजद नेता विजय प्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाते हुए मामले की विस्तृत जानकारी ली. घटनास्थल पर किसी बड़े अधिकारियों के नहीं पहुंचने के कारण करीब तीन घंटे तक शव उसी स्थिति में पड़ा हुआ है, जिस पर उन्होंने गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इस तरह की संवेदनशील घटनाओं में प्रशासन को त्वरित और गंभीर कार्रवाई करनी चाहिए. देरी से न केवल साक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं, बल्कि पीड़ित परिवार की पीड़ा भी बढ़ती है. उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिनदहाड़े हत्या की घटना कानून-व्यवस्था की स्थिति को कमजोर दर्शाती है. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >