जमुई. जिला स्थित लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में जमीन खरीदने के मामले में एक सीआरपीएफ कोबरा बटालियन जवान द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है. इसे लेकर दिग्घी निवासी पंचानंद झा के पुत्र आशीष कुमार झा ने लक्ष्मीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कोबरा बटालियन जवान के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. थाना में दिये आवेदन में आशीष कुमार झा ने बताया कि मेरी जमीन खाता 37, खेसरा 801, रकवा 12.5 डिसिमिल मौजा दिग्घी में स्थित है. बीते 15 जनवरी को तेलियाडीह निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र सह सीआरपीएफ कोबरा बटालियन जवान राजीव कुमार यादव मेरी जमीन खरीदने को लेकर बातचीत किये और 14 लाख 60 हजार रुपये में बातचीत तय होने के उपरांत उन्होंने अपनी पत्नी काजल देवी के नाम से रजिस्ट्री करवाया. इसके एवज में उनके द्वारा चार चेक दिया गया. लेकिन जब उस चेक को बैंक लेकर गए तो वह चेक क्लियर नहीं हो सका. इसे लेकर जब राजीव कुमार यादव से बात किया तो वह रुपये देने से साफ मना कर रहे हैं और धमकी दिया कि मैं सीआरपीएफ कोबरा बटालियन में हूं, ज्यादा हो-हल्ला करोगे तो अच्छा नहीं होगा. उन्होंने थानाध्यक्ष को आवेदन देते हुए न्याय की गुहार लगाया. इसे लेकर पूछे जाने पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले आशीष झा नामक व्यक्ति के द्वारा आवेदन दिया गया था. इस मामले में पुलिस दोनों पक्ष को थाना बुलाई थी लेकिन अबतक दोनों पक्ष थाना नहीं आयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
