चकाई में खुल रहा स्टील प्लांट, अब बाहर जाने की नहीं रहेगी मजबूरी : सम्राट चौधरी

समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम के साथ जमुई पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन की शुरुआत जय श्री राम और जय महावीर की जयकारों से की.

जमुई. समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम के साथ जमुई पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन की शुरुआत जय श्री राम और जय महावीर की जयकारों से की. उत्तर प्रदेश में जिस तरह भव्य राम मंदिर बना है उसी तरह नीतीश कुमार द्वारा भी बिहार में माता सीता का मंदिर बनवाया जा रहा है. साथ ही, लछुआड़ की पावन धरती पर भव्य मंदिर बनाने का काम भी मुख्यमंत्री ने किया है. उन्होंने कहा कि पहले जमुई को नक्सलियों का केंद्र माना जाता था, लेकिन आज गृह मंत्री अमित शाह तथा नीतीश कुमार के नेतृत्व में जमुई नक्सल मुक्त हो गया. उन्होंने कहा कि पहले लोग पांच बजे के बाद घर से नहीं निकलते थे. नीतीश कुमार ने बिहार को न्याय के साथ समृद्धि तक पहुंचाने का काम किया है और ये पूरी तरह से बदला हुआ बिहार है. सम्राट चौधरी ने कहा कि 2005 के पहले गांव में पानी, सड़क, बिजली नहीं था. गांव में स्कूल नहीं खुलते थे, लड़कियों को पढ़ाई में परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन नीतीश कुमार जी के मुख्यमंत्री बनने पर कई चीजें सुधरी. उन्होंने बिहार में एक लाख 40 हजार किलोमीटर लंबी सड़क बनवायी. आज बिहार में ऐसा कोई गांव नहीं है, जहां सड़कें नहीं है. सम्राट चौधरी ने बताया कि पहले बिहार का बजट सिर्फ छह हजार करोड़ रुपये का था. लेकिन नीतीश कुमार के सीएम बनने के बाद 23 हजार करोड़ रुपये का बजट हुआ. सीएम नीतीश ने बिहार की अर्थव्यवस्था को और भी ठीक किया. आज हम गर्व से कह सकते हैं कि जो बजट 23 हजार करोड़ का था, वह बढ़कर तीन लाख 47 हजार करोड़ रुपये का हो गया है. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव-गांव बिजली पहुंचाने की बात कही थी. नीतीश कुमार ने घर-घर बिजली पहुंचाने का काम किया है. 2005 से पहले 17 लाख बिजली का कनेक्शन था लेकिन वर्तमान में 2 करोड़ 16 लाख बिजली कनेक्शन देने का काम किया और 88 फीसदी उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 2025 में जीविका में जहां एक करोड 25 लाख महिलाएं जुड़ी थीं, आज 2 करोड़ जीविका दीदियां जुड़ी हैं. जिसमें 1 करोड 81 हजार महिलाओं को दस-दस हजार रुपए देने का काम किया गया और जो शेष बच गये है उसे भी अगले एक महीने में उनके खाते में दस-दस हजार रुपए भेजा जायेगा. उन्होंने बताया कि जिले के बरनार जलाशय परियोजना का जो 2.5 करोड़ की थी, उसकी स्वीकृति नीतीश कुमार ने दी है. उन्होंने बताया कि जिले के नौजवानों को अब मजदूरी करने बाहर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि चकाई में स्टील प्लांट खोलने का कार्य किया जा रहा है. साथ ही, ईथनोल प्लांट का भी कार्य शुरू हो गया है. सम्राट चौधरी ने जिले के सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिले के चार विधानसभा में तीन सीट एनडीए को आप लोगों ने दिया है इसके लिए आप लोग धन्यवाद के पात्र है. लेकिन अगली बार चारों विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी को विजय बनाने का कार्य करेंगे. उन्होंने बताया कि जुलाई माह से सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ करने की बात कहीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >