सीएम के जनसंवाद स्थल पर सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें : आयुक्त

आगामी 18 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.

सिकंदरा. आगामी 18 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. कार्यक्रम के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. इसी क्रम में सोमवार को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा व पुलिस उप-महानिरीक्षक राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने आयुक्त एवं डीआइजी को नवनिर्मित कुंड घाट जलाशय, निर्माणाधीन हेलीपैड तथा मुख्य सभास्थल का भ्रमण कराया. इस दौरान अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी दी गयी. साथ ही सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए लगाये जाने वाले विभिन्न विभागों के स्टॉलों की तैयारियों की भी बारीकी से समीक्षा की गयी. स्थल निरीक्षण के दौरान आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने कार्यों की प्रगति का बिंदुवार अवलोकन किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से जनसंवाद स्थल पर आने वाले आम नागरिकों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने पर जोर दिया. आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो. वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस उप-महानिरीक्षक और जिला प्रशासन ने विस्तृत रणनीति तैयार की. अधिकारियों ने हेलीपैड से लेकर मुख्य सभास्थल तथा कुंड घाट जलाशय तक सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की. इस दौरान वीआईपी मूवमेंट के लिए निर्धारित रूट, भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान अलर्ट मोड में रहते हुए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए. कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि मुख्यमंत्री की यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अलावा विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी भी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >