आज सीएम क्षत्रियकुण्ड से 900 करोड़ से अधिक योजनाओं की देंगे सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के तहत जमुई जिला के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़े क्षत्रियकुण्ड लछुआड़ पहुंचेंगे.

सिकंदरा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के तहत जमुई जिला के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़े क्षत्रियकुण्ड लछुआड़ पहुंचेंगे. भगवान महावीर की अवतरण स्थली से मुख्यमंत्री जिलेवासियों को 900 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस दौरान जिले की बहुप्रतीक्षित सिंचाई परियोजना कुण्डघाट डैम का भी उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगी और सिंचाई की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे दो हेलीकॉप्टर से कुण्डघाट पहुंचेंगे. उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.

काली मंदिर मैदान में लोगों से करेंगे जनसंवाद

डैम उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से लछुआड़ स्थित काली मंदिर मैदान पहुंचेंगे, जहां वे लोगों से संवाद भी करेंगे. जनसंवाद कार्यक्रम के लिए करीब 20 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र में भव्य पंडाल बनाया गया है. इसमें लगभग तीन हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी है. पंडाल परिसर के समीप विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाये जायेंगे, जिनका मुख्यमंत्री अवलोकन करेंगे. इसके बाद वे मंच पर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और विकास योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे.

समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की होगी समीक्षा

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री लछुआड़ में ही विभिन्न विभागों के सचिवों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. इस दौरान जिले में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जायेगी.

प्रशासनिक अधिकारी तैयारी की कर रहे मॉनीटरिंग

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिलाधिकारी नवीन स्वयं लछुआड़ में कैंप कर तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. वहीं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने में जुटे हैं. बुधवार को डीएम और एसपी ने लछुआड़ थाना में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. इस दौरान जिलाधिकारी नवीन ने कहा कि समृद्धि यात्रा के चौथे चरण में 18 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लछुआड़ पहुचेंगे. इस दौरान उनके द्वारा बहुप्रतीक्षित सिंचाई परियोजना कुण्डघाट डैम का उद्घाटन किया जायेगा. उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा 900 करोड़ से अधिक के विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया जायेगा. डीएम ने बताया कि जैन सर्किट से जोड़ कर लछुआड़, कुण्डघाट व जन्मस्थान के विकास से संबंधित कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के द्वारा किया जायेगा.

मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व चमक उठी दो किलोमीटर जर्जर सड़क

सिकंदरा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के आगमन से पहले लछुआड़ क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क का आखिरकार कायाकल्प हो गया. लछुआड़ से भगवान महावीर के जन्मस्थान तक जाने वाली सड़क के करीब दो किलोमीटर हिस्से का निर्माण कार्य, जो लंबे समय से बाधित था, अब पूरा कर लिया गया है. बताया जाता है कि किसानों द्वारा जमीन के एवज में मुआवजे की मांग को लेकर इस सड़क का निर्माण लगभग एक दशक से अवरुद्ध था. लछुआड़ से जन्मस्थान तक कुल 17 किलोमीटर मार्ग में से करीब दो किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर स्थिति में थी, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया था. यह वही मार्ग है, जिससे होकर देश-विदेश से आने वाले लाखों जैन श्रद्धालु भगवान महावीर की जन्मभूमि क्षत्रियकुण्ड लछुआड़ तक पहुंचते हैं. खराब सड़क के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, बावजूद इसके हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते रहे. समृद्धि यात्रा के बहाने प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और जर्जर सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया. दो मीटर जर्जर सड़क का निर्माण हो जाने से यह मार्ग सुगम और सुरक्षित हो गया है, जिससे जैन श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है. सड़क के दुरुस्त होने से अब कुण्डघाट डैम और जन्मस्थान तक पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से लंबित इस समस्या का समाधान आखिरकार मुख्यमंत्री के दौरे के बहाने संभव हो सका. क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने सड़क निर्माण कार्य के पूरा होने पर खुशी जाहिर की है

मंत्री श्रेयसी सिंह ने लछुआड़ पहुंच कर तैयारियों का लिया जायजा

सिकंदरा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. इसी क्रम में मंगलवार को मंत्री श्रेयसी सिंह लछुआड़ पहुंचीं और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मंत्री ने कुण्डघाट डैम काली मंदिर मैदान व लछुआड़ जैन मंदिर का दौरा कर पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं. मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे क्षेत्र को कई बड़ी योजनाओं का लाभ मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और मंत्री को अब तक की तैयारियों से अवगत कराया. प्रशासनिक टीम लगातार स्थल पर कैंप कर हर बिंदु पर नजर बनाये हुए है, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. इस दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह ने मौके पर उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष प्रो. दुर्गा प्रसाद केशरी व जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >