सोनो. चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बिच्छागढ़ गांव में सोमवार को दबंगों ने जबरन घर व दुकान पर बुलडोजर (जेसीबी) चलाकर मकान व दुकान को तोड़ दिया. घटना के दौरान मची अफरा तफरी के बीच घर के लोग रोते चिल्लाते रहे, लेकिन उन लोगों पर पड़ोसी विपक्षियों को जरा भी रहम नहीं आया. सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक मकान तोड़कर आरोपित भाग खड़े हुए. मामला मकान के जमीन को लेकर हुए विवाद का बताया जा रहा है. पीड़ित शुकर विश्वकर्मा ने मंगलवार को चरकापत्थर थाने में शिकायती आवेदन देकर बिच्छागढ़ निवासी मुन्ना वर्णवाल, उसके दो बेटे धीरज वर्णवाल व नीरज वर्णवाल, कैलू यादव,उसके दो पुत्र उमेश यादव व घुटर यादव, जद्दू ठाकुर, विपिन ठाकुर, दिलीप विश्वकर्मा, संदीप विश्वकर्मा, प्रेम विश्वकर्मा और जेसीबी वाले सरकंडा निवासी कलाम अंसारी कुल एक दर्जन लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपित कैलू यादव और धीरज वर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
दिए आवेदन में शूकर विश्वकर्मा ने बताया है कि वे अपने हिस्सेदार बैजनाथ विश्वकर्मा, जमुना मिस्त्री और दिलीप विश्वकर्मा के साथ बीते 10 वर्षों से इस कामी सिकमी जमीन पर घर व दुकान बनाकर रह रहे थे. बीते सोमवार की दोपहर सभी आरोपित हथियार से लैस होकर आये और गाली गलौज करते हुए 10 लाख की रंगदारी मांगी. मना करने और गाली गलौज का विरोध करने पर वे लोग थोड़ी देर बाद जेसीबी लेकर आये और घर व दुकान तोड़ दिया. घर में रखे सामान को तोड़ दिया और जेवर वगैरह लूट लिया गया. घर की एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया. पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दिया और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि जिस घर में पीड़ित परिवार लोग रह रहे थे, उस घर की जमीन को आरोपितों द्वारा अपना बताते हुए उस पर कब्जा करने के लिए गैर कानूनी तरीके का इस्तेमाल किया.दबंगों ने घर व दुकान पर जबरन चलाया बुलडोजर, दो गिरफ्तार
चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बिच्छागढ़ गांव में सोमवार को दबंगों ने जबरन घर व दुकान पर बुलडोजर (जेसीबी) चलाकर मकान व दुकान को तोड़ दिया.
