भगवान महावीर के सिद्धांत पर चलकर मोक्ष प्राप्त कर सकता है मनुष्य: साध्वी डॉ संप्रज्ञा माता

भगवान महावीर स्वामी जी का जन्मोत्सव मंगलवार को तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर, लछुआड़ में डॉ संप्रज्ञा माता जी के संरक्षण में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया.

सिकंदरा. भगवान महावीर स्वामी जी का जन्मोत्सव मंगलवार को तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर, लछुआड़ में डॉ संप्रज्ञा माता जी के संरक्षण में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया. इस पावन अवसर पर वीरायतन के महासचिव व हपारो फाउंडेशन के संस्थापक नवीन सुचंति मुख्य अतिथि के रूप में अपने परिवार सहित उपस्थित रहे, वहीं कोलकाता के प्रमुख व्यवसायी महेंद्र डागा व राजेंद्र वैद्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत साध्वी डॉ संप्रज्ञा माता जी, रोहनी माता जी, मुख्य अतिथि नवीन सुचंति ने दीप प्रज्ज्वलित कर की. इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने नमोकार मंत्र का सामूहिक उच्चारण एवं आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया. सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा. अपने संबोधन में साध्वी डॉ संप्रज्ञा माता जी ने कहा कि आधुनिकीकरण के इस दौर में भी विद्यालय महावीर स्वामी के आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा और संस्कार दोनों को समान महत्व दे रहा है. उन्होंने बताया कि विद्यालय को अब सीबीएसई बोर्ड से संबद्धता प्राप्त हो चुकी है तथा छात्रों के लिए सुगम यातायात की भी उत्तम व्यवस्था की गई है. इसी क्रम में नवीन सुचंति द्वारा विद्यालय को एक नई बस सेवा उपहार स्वरूप प्रदान की गयी, जो छात्रों के लिए बड़ी सौगात है. साध्वी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत अहिंसा, सत्य और संयम पर चलकर ही मनुष्य सच्चे आनंद और मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है. उन्होंने सुचंति परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके इस सहयोग को अनुकरणीय बताया. मुख्य अतिथि श्री नवीन सुचंति ने कहा कि तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर, लछुआड़ ताई मां का एक स्वर्णिम स्वप्न है, जो आज साकार रूप में फल-फूल रहा है. उन्होंने विद्यालय की प्रगति का श्रेय डॉ संप्रज्ञा माता जी के कुशल मार्गदर्शन व प्रशासक श्री जितेंद्र सिंह के अथक परिश्रम को दिया. उन्होंने आश्वस्त किया कि वे भविष्य में भी विद्यालय को हर संभव सहयोग देते रहेंगे. इस अवसर पर उपस्थित अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं अतिथियों के प्रेरणादायी विचारों से अभिभूत और उत्साहित नजर आए. कार्यक्रम में तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर, पावापुरी के प्राचार्य व उनके सहयोगी, लछुआड़ की प्राचार्या दीपिका भारद्वाज, प्रशासक जितेंद्र सिंह, शैक्षणिक प्रभारी गीता जैन, उपप्राचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं. महावीर जयंती का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि शिक्षा, सेवा और संस्कार के समन्वय का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >