बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, एक घायल

चकाई-जमुआ मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के पथराटांड़ के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

चंद्रमंडीह. चकाई-जमुआ मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के पथराटांड़ के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मिली जानकारी के अनुसार, बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के बसबुटी गांव निवासी मिठू राय (39 वर्ष) एवं संतोष राय (40 वर्ष) बाइक पर सवार होकर चतरो बाजार से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पथराटांड़ के समीप उनकी बाइक एक बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. इधर घटना के समय उधर से गुजर रहे भेलवाघाटी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया. साथ ही बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले आयी. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद श्यामनंदन राय के पुत्र मिठू राय को मृत घोषित कर दिया. वहीं बंगटू राय के पुत्र संतोष राय की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया. मृतक मिठू राय की मौत की खबर मिलते ही बसबुटी गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक को एक छह वर्ष का पुत्र एवं तीन साल की एक पुत्री है. गौरतलब है कि पथराटांड़ के समीप यह स्थान लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है. बीते 24 मार्च को भी इसी जगह पिकअप वैन की चपेट में आने से बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी 48 वर्षीय फत्तू राय की मौके पर ही मौत हो गई थी. लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से उक्त स्थान पर चेतावनी बोर्ड लगाने, वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने तथा सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >