थाना में बिचौलियों को संरक्षण का आरोप, एसपी ने दिये जांच के निर्देश

चिहरा थाना परिसर में शनिवार को आयोजित जनसंवाद शिविर के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने थाना में बिचौलियों के सक्रिय होने का गंभीर आरोप लगाया.

चकाई. चिहरा थाना परिसर में शनिवार को आयोजित जनसंवाद शिविर के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने थाना में बिचौलियों के सक्रिय होने का गंभीर आरोप लगाया. पोझा पंचायत के सरपंच कृष्ण कुमार गुप्ता ने थाना अध्यक्ष रिंकू रजक पर आरोप लगाते हुए कहा कि थाना में बिना बिचौलियों की सिफारिश के कोई काम नहीं होता और जनप्रतिनिधियों व आम लोगों को सम्मान नहीं दिया जाता. सरपंच के आरोपों का समर्थन वहां मौजूद कई ग्रामीणों ने भी किया. इस पर एसपी विश्वजीत दयाल ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि ऐसा हो रहा है तो यह बिल्कुल गलत है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने लोगों से बिचौलियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके. वहीं, पूर्व उप प्रमुख कांग्रेस दास ने क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर शराब बन रही है, लेकिन अब तक छापेमारी नहीं हुई है. इस पर भी कई लोगों ने सहमति जतायी. एसपी ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में भी कार्रवाई की जायेगी. हालांकि, थाना अध्यक्ष ने लगाए गए आरोपों से इंकार किया. जनसंवाद के दौरान बोगी गांव के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या की जानकारी दी, वहीं पैक्स अध्यक्ष पवन सिंह ने वन विभाग के कर्मियों पर गरीबों को परेशान करने का आरोप लगाया. कई लोगों ने जमीन विवाद के मामलों को भी उठाया. एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस की “आंख” बनकर सहयोग करें, ताकि समस्याओं का समाधान किया जा सके. उन्होंने कहा कि डीएम से समन्वय कर पेयजल समस्या के समाधान का प्रयास किया जायेगा. साथ ही परवरिश योजना की जानकारी देते हुए युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक किया. उन्होंने लोगों को छोटे-मोटे विवाद आपसी सहमति से सुलझाने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और मोबाइल के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी. साथ ही निर्दोष लोगों को किसी भी मामले में नहीं फंसाने की अपील की. इस मौके पर एसडीपीओ राजेश कुमार, झाझा सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार, भाजपा नेता गणेश राय, उपमुखिया कामेश मंडल, दुर्गा सोरेन, लालमोहन रावत, गोपाल यादव, मुखिया सुखदेव मुर्मू, आशीष शर्मा, मुसो यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >