एलपीजी समेत आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध, कालाबाजारी हुई तो कार्रवाई तय

जिले में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

जमुई. जिले में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन अपने कार्यालय कक्ष में आपूर्ति सेवाओं से जुड़े विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान की कुंजी है. डीएम ने निर्देश दिया कि आपूर्ति शृंखला के किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाये, ताकि आम नागरिकों के बीच किसी प्रकार का भ्रम या असुरक्षा का माहौल न बने. बैठक में शैक्षणिक संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ईंधन की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को नियमित निगरानी के निर्देश दिये गये. वहीं डीपीएम जीविका को दीदी की रसोई में एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया. डीएम ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय सहित सभी राजकीय छात्रावासों में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया. साथ ही, गैस एजेंसियों को बैकलॉग कम करने के लिए अतिरिक्त मानव बल तैनात करने को कहा गया.

स्थानीय कर्मियों की ली जायेगी मदद

वितरण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए टोला सेवक, आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदियों समेत स्थानीय कर्मियों की मदद लेने की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश भी दिया गया.

धावा दल रहेंगे सक्रिय, लापरवाही पर कार्रवाई

डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी को आसूचना तंत्र सक्रिय रखने और धावा दलों की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही, कृत्रिम अभाव या कालाबाजारी में शामिल किसी भी एजेंसी या वितरक पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

अफवाहों से बचें, पर्याप्त है स्टॉक

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस समेत सभी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं.

यहां करें शिकायत

कालाबाजारी या आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06345-222001 या अनुमंडल कंट्रोल रूम 06345-222006 पर दी जा सकती है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >