गर्भू बाबा स्थान से पूजा कर घर लौट रही थी दोनों युवती, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, जांच में जुटी पुलिस गिद्धौर. गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर रतनपुर गांव के समीप मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गयी. दोनों युवती गर्भू बाबा स्थान से पूजा कर अपने घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें कुचल दिया. मृतकों की पहचान रतनपुर गांव निवासी बुधु सिंह की 18 वर्षीय पुत्री सीमा कुमारी, दिनकर सिंह की 20 वर्षीय पुत्री जुगनू कुमारी के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में सीमा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल जुगनू कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. इधर, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने रतनपुर गांव के पास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. बाद में एसडीपीओ सतीश सुमन, बरहट थानाध्यक्ष संजीव कुमार व मलयपुर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. पीड़ित परिजनों ने मुख्य मार्ग को रतनपुर चौक के समीप करीब पांच घंटे तक दोनों युवतियों के शव को रख मार्ग को जाम कर दिया. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई थी.
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो युवतियों को कुचला, दोनों की मौत
गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर रतनपुर गांव के समीप मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गयी.
