शॉर्ट सर्किट से फूल दुकान में भीषण आग, हजारों का नुकसान

शहर के टाउन थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित एक फूल की दुकान में बीते शुक्रवार की देर रात अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरातफरी मच गयी

जमुई. शहर के टाउन थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित एक फूल की दुकान में बीते शुक्रवार की देर रात अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरातफरी मच गयी. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखे फूल, सजावटी सामग्री और अन्य सामान जलकर राख हो गये. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी और बाल्टी व पानी के अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया. दुकान मालिक धर्मेंद्र ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गयी और जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक पूरा सामान जल चुका था. इस घटना में उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >