अव्यवस्था. राशन कार्ड को ले आवेदन जमा करने में परेशानी
लोक सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत संचालित काउंटर पर राशन कार्ड के लिए आवेदन देनेवाले लोगों की भीड़ प्रतिदिन अहले सुबह से ही लग जाती है और काफी परेशानी के बाद कोई आवेदन जमा कर पाते हैं, तो कोई नहीं.
जमुई : अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित काफी मशक्कत के बाद ही हमलोग राशन कार्ड के लिए अपना आवेदन काउंटर पर जमा कर पाते हैं. कई लोग तो जबरन लाइन के बीच में घुस कर अपना आवेदन काउंटर कर्मियों के माध्यम से जमा करा देते हैं और काफी हो हल्ला करने के बाद ही पुलिस यहां आती है. खैरा प्रखंड की दाबिल निवासी अनिता देवी, कुंती देवी, रागनी कुमारी, महादेव सिमरिया निवासी अर्चना देवी, मोनी कुमारी, दौलतपुर निवासी गुंजन यादव, मनोहर यादव आदि ने बताया कि हमलोग अपने घर का सारा काम काज छोड़ कर अहले सुबह से ही अनुमंडल कार्यालय के समीप बने आरटीपीएस काउंटर पर आकर राशन कार्ड बनवाने के लिए लाईन में लग जाते हैं. लोगों की कतार सुबह होते होते इतनी लंबी हो जाती है
कि यह कतार घूम कर समाहरणालय की ओर जाने वाली सड़क पर घूम कर पहुंच जाती है और इस मार्ग से होकर काफी तीव्र गति से ट्रैक्टर के गुजरने के कारण हमलोगों को हर हमेशा अनहोनी घटना की आशंका बनी रहती है.इस होकर सुबह 10 बजने के बाद जिला प्रशासन के दर्जनों अधिकारियों का गुजरना होता है. लेकिन कोई हमलोगों की सुधि लेने वाला नहीं है. जिला प्रशासन को अलग अलग तिथिवार अलग अलग पंचायत के लिए आवेदन लेने की व्यवस्था करनी चाहिए. इस बाबत पूछे जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि राशन कार्ड के लिए पूरे मार्च महीने तक आवेदन लिया जायेगा.इसलिए लोगों को घबराने और परेशान होने की कोई जरुरत नहीं है.लोग आराम से एक एक करके अपना आवेदन काउंटर के माध्यम से जमा करायें.
