पैक्स व व्यापार मंडल में धान खरीद में लापरवाही से किसान परेशान
जमुई : जिले में पैक्स और व्यापार मंडल द्वारा धान खरीद में लापरवाही का आलम यह है कि अभी तक निर्धारित लक्ष्य 43008 मैट्रिक टन के विरुद्ध मात्र लगभग 4400 मैट्रिक टन ही धान की खरीद हो पायी है.किसानों की माने तो धान खरीद में लापरवाही के कारण ही हमलोग अपने मेहनत से पैदा किये हुए धान को इधर उधर लेकर भटक रहे हैं और मजबूरन उसे औने पौने दाम में बिचौलियों के पास बेचने को विवश हैं.कभी पैक्स व व्यापार मंडल के द्वारा यह कहा जाता है कि धान में अभी नमी है तो कभी यह कहा जाता है कि निबंधित किसान का ही धान खरीदा जायेगा. पैक्स द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि हमलोगों के पास धान खरीदने के पश्चात किसानों को भुगतान करने के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है और किसी भी किसान का 150 क्विंटल से अधिक नहीं खरीदना है.
किसानों की मानें तो दो माह से अधिक समय बीतने पर भी लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 11 प्रतिशत धान की खरीद पैक्स व व्यापार मंडल की शिथिलता को उजागर कर रहा है.
कहते हैं जिला प्रबंधक: राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक सिद्धेश्वर सिंह ने बताया कि धान खरीद में तेजी लाने के लिए सभी पैक्स व व्यापार मंडल को निर्देश दिया गया है.31 मार्च तक सभी निबंधित किसानों के धान की खरीद कर ली जायेगी.
