बीमार बच्चों को दवा व परामर्श, स्वच्छता और संतुलित आहार पर दिया जोर गिद्धौर. प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय सेवा में बुधवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में कुल 86 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श व दवा उपलब्ध करायी गयी. दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम के नेतृत्व में आयोजित शिविर में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अपर्णा कुमारी ने बच्चों के आंख, कान, नाक, गला सहित सामान्य शारीरिक जांच की. इसके साथ ही मौसमी बीमारियों व अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के बाबत भी जांच की गयी. जांच के दौरान जिन बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पायी गयी, उन्हें दवा दी गयी और उचित चिकित्सीय सलाह दी गयी. शिविर के दौरान बच्चों को बदलते मौसम में सतर्क रहने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा संतुलित आहार लेने की सलाह दी गयी. साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गयी. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बबिता कुमारी ने बताया कि इस तरह के शिविर से बच्चों में बीमारियों की समय पर पहचान संभव हो पाती है, जिससे उनका समुचित इलाज हो सके. शिविर में डॉ अपर्णा कुमारी के अलावा फार्मासिस्ट श्रवण कुमार, एएनएम अनिता कुमारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
मध्य विद्यालय सेवा में शिविर, 86 बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच
प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय सेवा में बुधवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया
