डुमरी चेकपोस्ट पर 1513 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

जिले के डुमरी चेकपोस्ट पर वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है.

जमुई. जिले के डुमरी चेकपोस्ट पर वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है. टीम ने कुल 1513 बोतल शराब जब्त करने के साथ दो कारों को कब्जे में लिया और चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि जांच के दौरान एक महिंद्रा एसयूवी 500 कार से 721 बोतल यानी 301.125 लीटर शराब बरामद की गयी, जिसमें दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं दूसरी कार्रवाई में एक फोर्ड एंडेवर कार से 792 बोतल यानी 324 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गयी और दो अन्य तस्करों को पकड़ा गया. गिरफ्तार तस्करों की पहचान बोकारो जिले के सूर्या चौक निवासी अविनाश कुमार, यदुवेश नगर निवासी राजीव कुमार, हनुमान नगर निवासी गणेश कुमार और तेलीडीह निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप धनबाद से समस्तीपुर ले जाई जा रही थी. फिलहाल, सभी गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >