हाइवा की टक्कर से बिजली के 12 पोल क्षतिग्रस्त, कई इलाकों में अंधेरा

गिद्धौर रेलवे स्टेशन जाने वाली बाइपास सड़क पर बालू डंप करने के दौरान एक बालू लदे हाइवा ट्रक ने बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी.

गिद्धौर. गिद्धौर रेलवे स्टेशन जाने वाली बाइपास सड़क पर बालू डंप करने के दौरान एक बालू लदे हाइवा ट्रक ने बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में सड़क किनारे लगे करीब एक दर्जन बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गये, इससे क्षेत्र के कई हिस्सों में विद्युत सेवा बाधित हो गयी है. जानकारी के अनुसार, बालू लदा मालवाहक हाइवा ट्रक परिचालन के दौरान अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि 33 हजार वोल्ट के 8 पोल तथा 11 हजार वोल्ट के 4 पोल टूटकर गिर गये. हादसे के बाद हाई टेंशन तार भी सड़क पर टूटकर गिर गयेे, इससे आसपास के लोगों में जानमाल के नुकसान का भय बना हुआ है. घटना के कारण गिद्धौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र, बिनोबा भावे पब्लिक स्कूल, बनझुलिया समेत आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गयी है. स्थानीय ग्रामीणों ने विद्युत पावर सब स्टेशन गिद्धौर के अधिकारियों से जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है. इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से घटना की सूचना मिली है. विभागीय कर्मियों को मौके पर भेजा गया है और क्षतिग्रस्त पोल व तारों की मरम्मत कर जल्द से जल्द विद्युत सेवा बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >