पातेपुर/हरलोचनपुर (वैशाली). हरलोचनपुर थाना क्षेत्र के तेजपुरवा गांव स्थित बाइस माइल चौक के पास शनिवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान के समीप संदिग्ध परिस्थिति में अज्ञात युवक का शव देखा गया. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
दुकान के पास पड़ा मिला युवक का शव
शनिवार की अहले सुबह जब स्थानीय लोग बाइस माइल चौक की ओर निकले, तो एक दुकान के पास अज्ञात युवक को अचेत अवस्था में पड़ा पाया. पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन आसपास का कोई भी व्यक्ति उसे पहचान नहीं सका.
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की किसी अन्य जगह हत्या की गई है और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को बाइस माइल चौक के पास लाकर फेंका गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म मुआयना कर वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं.
72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया शव
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है. शव की शिनाख्त सुनिश्चित करने के लिए पोस्टमार्टम के बाद उसे 72 घंटे तक सुरक्षित (सुरक्षित गृह में) रखा गया है.
आसपास के थानों में भेजी गई तस्वीर
मृतक की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया का सहारा ले रही है और युवक की तस्वीर आसपास के सभी थानों व जिलों के पुलिस ग्रुपों में भेजी गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी इसका मिलान किया जा रहा है. मानवीय इनपुट और तकनीकी अनुसंधान के जरिए जल्द ही मृतक की पहचान कर मामले का पर्दाफाश करने का प्रयास जारी है.
