Bihar News: (अहमद की रिपोर्ट) हाजीपुर सहित पूरे वैशाली जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. जिले में करीब 8 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं. लेकिन वर्तमान में गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग के कई दिनों बाद भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा, जिससे रसोई का काम प्रभावित हो रहा है.
65 हजार से अधिक रीफिल लंबित
जानकारी के अनुसार, जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियां संचालित हैं. 8 मई तक इंडियन ऑयल के 44,254, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 10,889 और भारत पेट्रोलियम के 10,014 रीफिल लंबित बताए जा रहे हैं. इस तरह कुल मिलाकर करीब 65 हजार से अधिक उपभोक्ता गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं.
पांच दिन पीछे चल रहा डीएससी नंबर
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद पहले जहां दो दिनों में डीएससी नंबर का मैसेज आ जाता था, वहीं अब यह प्रक्रिया काफी धीमी हो गई है. वर्तमान में डीएससी नंबर करीब पांच दिन पीछे चल रहा है. पुराने डीएससी नंबर वाले उपभोक्ताओं को पहले गैस दी जा रही है, जबकि नए नंबर वालों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.
होम डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित
सबसे ज्यादा परेशानी होम डिलीवरी को लेकर सामने आ रही है. गैस वेंडरों का कहना है कि जैसे ही वे गोदाम से सिलेंडर लेकर निकलते हैं, पहले से मौजूद उपभोक्ता वहीं सिलेंडर ले लेते हैं. इससे घर-घर गैस पहुंचाने की व्यवस्था लगभग ठप हो गई है. कई जगहों पर उपभोक्ता सुबह से गोदाम के बाहर लाइन लगाकर खड़े रहते हैं ताकि किसी तरह उन्हें सिलेंडर मिल सके.
सात दिन तक ही वैलिड रहता है डीएससी नंबर
वेंडरों के अनुसार, डीएससी नंबर केवल सात दिनों तक ही वैध रहता है. यदि इस अवधि में गैस नहीं मिलती है तो उपभोक्ता को दोबारा बुकिंग करनी पड़ती है. इससे पुराने और नए उपभोक्ताओं के बीच लंबी प्रतीक्षा की स्थिति बन रही है और परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
प्रशासन का दावा, लेकिन राहत नहीं
जिला प्रशासन की ओर से लगातार मॉनिटरिंग, निरीक्षण और छापेमारी की बात कही जा रही है. कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई भी की जा रही है . अब तक दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं. हालांकि जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है.
उपभोक्ताओं में बढ़ रहा आक्रोश
लगातार देरी और अव्यवस्था के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जल्द गैस आपूर्ति सामान्य कराने और होम डिलीवरी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है.
Also Read:आरा में सनसनी: गर्लफ्रेंड से बात करने से रोका तो साले ने जीजा को मारी गोली
