Gopalganj News : गोपालगंज जिला के पंचदेवरी प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को बीडीओ आयुष राज आलोक ने सभी विकास मित्रों के साथ बैठक कर राशन कार्ड से संबंधित कार्यों की समीक्षा की. बैठक में पात्र लाभुकों का नया राशन कार्ड बनाने, पुराने राशन कार्ड में विखंडन, संशोधन एवं निरस्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
हर पात्र परिवार का बनेगा राशन कार्ड
बीडीओ ने कहा कि जिन पात्र परिवारों का अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है, उनका हर हाल में राशन कार्ड बनाया जाएगा. उन्होंने विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में पात्र परिवारों को योजना की जानकारी दें और उनसे आवेदन जमा कराएं.
'प्रपत्र क' और 'प्रपत्र ख' से होगी प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि नए राशन कार्ड के लिए पात्र परिवार के सदस्य अपनी पंचायत के विकास मित्र या पंचायत सचिव से संपर्क कर 'प्रपत्र क' भरेंगे. वहीं राशन कार्ड में परिवार का विखंडन, नाम या अन्य विवरण में संशोधन अथवा राशन कार्ड निरस्त कराने के लिए 'प्रपत्र ख' भरकर विकास मित्र को उपलब्ध कराया जाएगा या निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा.
ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी होंगे ये दस्तावेज
बीडीओ ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र तथा परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की आवश्यकता होगी. उन्होंने सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे पात्र परिवारों तक सूचना पहुंचाएं, आवेदन भरवाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराएं.
खाद्य सुरक्षा योजना से कोई पात्र परिवार न रहे वंचित
बैठक के अंत में बीडीओ आयुष राज आलोक ने कहा कि सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने सभी विकास मित्रों से इस कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
