Gopalganj News : भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा को अपने घरों और पूजा स्थलों पर विधि-विधान के साथ स्थापित किया. शहर में दिनभर गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे.
दुर्लभ योग में हुई गणेश प्रतिमा की स्थापना
गणेश चतुर्थी पर बुधादित्य, मुद्गर, ब्रह्म, इंद्र, कलात्मक और गजकेसरी योग का संयोग रहा. इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा की विधिवत स्थापना कर पूजा-अर्चना की. घरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा.
डॉक्टर ओपी तिवारी ने गणेशांगन में करायी पूजा
शहर के प्रमुख चिकित्सक डॉ. ओपी तिवारी ने गणेशांगन में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की. पूजा के दौरान बप्पा का गंगाजल, केसर, चंदन, हल्दी और अक्षत से तिलक किया गया. इसके बाद लाल-पीले वस्त्र, पुष्पमाला, जनेऊ और आभूषण धारण कराये गये.
मोदक और लड्डू का लगाया भोग
पूजा के दौरान भगवान गणेश को मोदक, लड्डू, फल, मेवे और हरा नारियल अर्पित किया गया. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. गणेश पूजा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
